MRI 7 साल पहले ही अल्जाइमर का पता लगा लेगा, अध्ययन में हुआ खुलासा
एक नए अध्ययन से पता चला है कि मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI) स्कैन सामान्य पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी (PET) स्कैन के मुकाबले 7 साल पहले ही अल्जाइमर बीमारी के लक्षणों को पहचान सकता है।
शोधकर्ताओं ने 16 सालों तक 1,000 से भी ज्यादा लोगों पर नजर रखी। उन्होंने दिमाग के कॉर्टेक्स की मोटाई में आने वाले बदलावों पर खास ध्यान दिया। इसका सीधा मतलब है कि अब चिकित्सक अल्जाइमर का पहले से कहीं ज्यादा जल्दी पता लगा पाएंगे।
बीमारी का जल्दी पता लगाने में मिलेगी मदद
अल्जाइमर की बीमारी पहले से ही 65 साल या उससे ज्यादा उम्र के 70 लाख से ज्यादा अमेरिकियों को प्रभावित करती है। ऐसे में इस बीमारी का जल्दी पता चलने से काफी मदद मिल सकती है।
ओस्लो यूनिवर्सिटी के इस अध्ययन में यह भी पता चला कि दिमाग में बदलाव एमाइलॉइड-बीटा (Ab) प्लेक्स के PET स्कैन में पर्याप्त मात्रा में दिखने से पहले ही शुरू हो जाते हैं।
प्रमुख लेखक जेम्स माइकल रो इसे जल्द इलाज शुरू करने का एक सुनहरा मौका मानते हैं, वहीं सह लेखक एंडर्स मार्टिन फेल का कहना है कि अल्जाइमर का अध्ययन और इलाज करते समय केवल एमाइलॉइड के जमावडे से आगे देखने का समय आ गया है।