17 साल के किशोर ने पानी में घुले प्लास्टिक को निकालने के लिए बनाया AI रोबोट
कनाडा के 17 साल के मोरोटी अदेगबॉयगा ने हाल ही में स्टॉकहोम जूनियर वॉटर प्राइज अपने नाम किया है। उन्होंने इकोफेरोक्वाटिक्स नाम का एक रोबोट बनाया है।
यह रोबोट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एक खास चुंबकीय तरल (मैग्नेटिक लिक्विड) का इस्तेमाल करके पानी से प्लास्टिक कचरा निकालता है।
इस दौरान यह पानी के जीवों को परेशान न करने का भी ध्यान रखता है। मोरोटी ने यह प्रोजेक्ट स्कूल के साइंस प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया था और इसे बनाते हुए उन्होंने खुद ही केमिस्ट्री और रोबोटिक्स सीखा।
बायोडिग्रेडेबल फेरोफ्लुइड पकड़ता है माइक्रोप्लास्टिक
इकोफेरोक्वाटिक्स रोबोट अपने कैमरे से प्लास्टिक को पहचानता है। फिर, यह बायोडिग्रेडेबल फेरोफ्लुइड (एक खास तरल) का इस्तेमाल करता है, जिससे छोटे-छोटे प्लास्टिक के कण चिपक जाते हैं।
इसके बाद, चुंबक की मदद से इन प्लास्टिक कणों को पानी से बाहर निकाल लिया जाता है। यह रोबोट उन माइक्रोप्लास्टिक को भी पकड़ लेता है, जिन्हें आम फिल्टर नहीं छान पाते।
मोरोटी अपनी इस खोज को और बेहतर बनाने की सोच रहे हैं। वह यह भी जानना चाहते हैं कि इसका पानी में रहने वाले जीवों पर क्या असर होता है। उन्हें उम्मीद है कि उनके जैसी ऑटोमेटेड तकनीकें पृथ्वी के पानी को हमेशा के लिए साफ करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।