मूनशॉट AI ने किमी K3 के लिए रोका रजिस्ट्रेशन, जानिए वजह
टेक्नोलॉजी
चीनी स्टार्टअप मूनशॉट AI ने अपने नए मॉडल किमी K3 के लिए नए रजिस्ट्रेशन (साइनअप) बंद कर दिए हैं। इसकी वजह यह है कि इसकी मांग इतनी तेजी से बढ़ गई कि कंपनी के सर्वर लगभग भर गए हैं।
कंपनी का कहना है कि यह कदम मौजूदा ग्राहकों को असुविधा से बचाने के लिए उठाया गया है, ताकि सिस्टम पर ज्यादा दबाव न पड़े और कोई तकनीकी खराबी न आए।
मौजूदा यूजर्स पर नहीं पड़ेगा असर
किमी K3 के मौजूदा ग्राहकों पर इस फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा। वे पहले की तरह इसका इस्तेमाल जारी रख सकेंगे। कंपनी अपनी क्षमता बढ़ा रही है और जल्द ही नए यूजर्स के लिए बैचों में सब्सक्रिप्शन फिर से शुरू करेगी। इसके अलावा, मूनशॉट AI ने यह भी घोषणा की है कि वह अपनी सदस्यता को 2 अलग-अलग प्लान में बांटेगी, जिसमें एक सामान्य उपयोग के लिए और दूसरा खास तौर पर कोडिंग करने वालों के लिए होगा।