ब्रिटेन के पूर्व पैराट्रूपर को मिली देश की पहली बायोनिक ऊपरी बांह
प्लायमाउथ के रहने वाले पूर्व पैराट्रूपर 63 साल के मिलोस स्टैंकोविक यूनाइटेड किंगडम (UK) में बायोनिक ऊपरी हाथ लगवाने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं।
2025 में हुए एक मोटरसाइकिल हादसे में उन्होंने अपना बायां हाथ गंवा दिया था। अब उन्हें उम्मीद है कि ओपन बायोनिक्स द्वारा बनाया गया यह एडवांस प्रोस्थेटिक उन्हें दोबारा मोटरसाइकिल चलाने और पैराग्लाइडिंग जैसी अपनी पसंदीदा गतिविधियों में लौटने में सहायक होगा।
संक्रमण का खतरा हुआ कम
यह नया हाथ हल्का और खोखला है, इसलिए इसे पहनना ज्यादा आरामदायक है। इससे दिनभर सक्रिय रहने के दौरान होने वाली बेचैनी, त्वचा और फंगल संक्रमण का खतरा कम हो सकता है।
इसे डिजाइन करने में टिली लॉकी ने भी मदद की है, जिन्होंने बचपन में अपने दोनों हाथ गंवा दिए थे। उन्होंने इसे इस तरह से बनाया है, ताकि यह सचमुच यूजर-फ्रेंडली हो, यानि इस्तेमाल में आसान।
मिलोस का मानना है कि आने वाले समय में ये नई प्रोस्थेटिक तकनीकें राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (NHS) के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सकेंगी। इससे दूसरे लोग भी अपनी पसंदीदा चीजों को दोबारा कर पाएंगे।