माइक्रोसॉफ्ट AI प्रमुख ने कहा- AI को इंसान समझकर न करें व्यवहार
माइक्रोसॉफ्ट के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रमुख मुस्तफा सुलेमान का कहना है कि हमें AI को भावनाओं या अधिकारों वाला नहीं समझना चाहिए।
हाल ही में एक लेख और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने साफ-साफ कहा कि आज के AI में चेतना नहीं है, इसलिए इसे कोई विशेष दर्जा देने की जरूरत नहीं है।
चेतना वाले AI पर रुकने की अपील
सुलेमान मौजूदा स्थिति पर जोर देते हुए कहते हैं कि AI अभी सचेत नहीं है और उसे ऐसा ही रहना चाहिए। अगर, कभी किसी AI में असली चेतना के संकेत मिलते हैं तो उनका मानना है कि हमें तुरंत रुक जाना चाहिए और जो हो रहा है, उसे पूरी पारदर्शिता से सामने रखना चाहिए।
उनके ये बयान ऐसे समय में सामने आए हैं, जब इस बात पर गरमा-गरम बहस चल रही है कि क्या विकसित AI को नैतिक रूप से भी महत्व दिया जाना चाहिए, खासकर तब से जब एंथ्रोपिक ने इस साल की शुरुआत में अपने क्लाउड मॉडल के साथ इन सवालों पर सोचना शुरू किया है।
फिलहाल सुलेमान का कहना है कि इंसानों की भलाई को सबसे आगे रखना ही सबसे जरूरी है।