माइक्रोसॉफ्ट की भारत में 20.5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा
माइक्रोसॉफ्ट ने हाल ही में हैदराबाद में अपना चौथा क्लाउड डाटा सेंटर शुरू किया है। कंपनी ने भारत में क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बुनियादी ढांचे, कौशल विकास और संचालन को मजबूत करने के लिए 20.5 अरब डॉलर (करीब 1,900 अरब रुपये) का निवेश करने का ऐलान किया था और यह नया डाटा सेंटर इसी निवेश का एक हिस्सा है।
माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंदोक ने इसे भारत में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा क्लाउड विस्तार बताया है।
इस पहल का लक्ष्य देश को वैश्विक टेक पावरहाउस बनाना है, जिसमें 100 अरब डॉलर (करीब 9,500 अरब रुपये) से ज्यादा का निजी निवेश और सरकार का इंडिया-AI मिशन भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
डाटा सेंटर में भारत की भागीदारी 3 फीसदी
भारत दुनिया का 20 फीसदी डाटा तैयार करता है, लेकिन वैश्विक डाटा सेंटर क्षमता में इसकी हिस्सेदारी केवल 3 फीसदी है। इस बड़े अंतर को कम करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट अब कमर कस चुका है।
कंपनी का लक्ष्य 2035 तक देश में अपनी डाटा सेंटर क्षमता को काफी बढ़ाना है। साथ ही, इसने 2030 तक 2 करोड़ भारतीयों को AI कौशल की ट्रेनिंग देने की भी योजना बनाई है, जिसमें 20 लाख शिक्षक भी शामिल होंगे। आधे से ज्यादा लोग यह ट्रेनिंग पहले ही ले चुके हैं। वर्तमान में 92 फीसदी भारतीय पेशेवर AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।