माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्य नडेला ने AI पर इंसानी नियंत्रण को बताया जरूरी
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला चाहते हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का फायदा कुछ लोगों को नहीं, बल्कि सभी को मिले।
उन्होंने टेक कंपनियों से अपील की है कि वे AI की रफ्तार थोड़ी कम करें और यह पक्का करें कि यह हमेशा इंसानी नियंत्रण में रहे। अगर, यह इंसानों की मदद नहीं करता है तो इसे विकसित करने का क्या फायदा है।
कई दूसरे दिग्गज भी इसके विकास की तेज गति को लेकर पहले ही चिंता जता चुके हैं। नडेला का मुख्य संदेश यही है कि AI केवल इसे बनाने वालों के लिए नहीं, बल्कि हर किसी के जीवन को बेहतर बनाने में काम आए।
ओपन और क्लोज्ड-सोर्स दोनों का किया समर्थन
नडेला यह भी मानते हैं कि हमें ओपन-सोर्स और क्लोज्ड-सोर्स AI मॉडल के एक मिश्रण की जरूरत है। इससे कंपनियां अपनी खास बातों को बचाए रख सकेंगी और साथ ही कुछ प्रगति भी साझा कर पाएंगी।
एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई और OpenAI के सैम ऑल्टमैन भी इस बात से सहमत हैं कि AI की प्रगति शायद कुछ ज्यादा ही तेज हो रही है, वहीं एलन मस्क लगातार इसके संभावित खतरों के बारे में चेतावनी देते रहते हैं।
दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ध्यान AI की रफ्तार धीमी करने पर कम है। उनका मुख्य जोर इस बात पर है कि AI के क्षेत्र में अमेरिका, चीन से आगे रहे।