सत्य नडेला ने AI के साथ मानवीय इनपुट शामिल करने की दी सलाह
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला चाहते हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का फायदा सिर्फ कुछ बड़ी कंपनियों तक ही सीमित न रहे, बल्कि यह सबके पास पहुंचे।
हाल ही में एक पोस्ट में उन्होंने फ्रंटियर मॉडल की बजाय फ्रंटियर इकोसिस्टम बनाने की बात कही। उनका कहना था कि इसमें संगठन अपनी जानकारी को मानवीय और AI इनपुट के साथ मिलाकर काम करें, ताकि इसका लाभ कुछ ही बड़े सिस्टम्स के बजाय सभी को मिल सके।
आउटसोर्सिंग को लेकर चेताया
नडेला कहते हैं कि यह नया दौर इंसान और मशीनों के मिलकर सीखने का है। उन्होंने इसे लोगों और डिजिटल सिस्टम के बीच एक 'असली कॉग्निटिव लूप' बताया, जो हमारे काम करने और नया मूल्य बनाने के तरीके को बदल रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि हमें आउटसोर्सिंग जैसी पुरानी गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए, जिनसे पहले स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचा था।
उनका मानना है कि AI के केंद्र में इंसानी विशेषज्ञता को रखने से ही सही मायनों में नवाचार होगा और सभी के लिए बराबर का विकास संभव हो पाएगा।