माइक्रोसॉफ्ट AI के CEO ने डेलावेयर के प्रस्ताव पर जताई चिंता
माइक्रोसॉफ्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मुस्तफा सुलेमान डेलावेयर के एक नए प्रस्ताव को लेकर चिंतित हैं।
इसमें AI को लगभग बिना किसी मानवीय दखल के कंपनियों को मैनेज करने की मंजूरी देने की बात कही गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस विचार को बेहद चिंताजनक बताया और कानून बनाने वालों से अपील की कि इस पर आगे बढ़ने से पहले वे एक बार फिर सोचें।
रिपब्लिकन पार्टी के केंटकी से सांसद और हाउस कमेटी ऑन ओवरसाइट एंड गवर्नमेंट रिफॉर्म के अध्यक्ष जेम्स कोमर जैसे कई आलोचकों ने भी इस पर चिंता जताई है।
उनका कहना है कि अगर, कुछ गलत होता है तो यह AI कंपनियों के लिए जिम्मेदारी से बचने का एक आसान रास्ता बन सकता है।
AIC के 30 महीने के ट्रायल का प्रस्ताव रखा
डेलावेयर राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों (AICs) को 30 महीने के लिए टेस्ट करना चाहता है। राज्य को उम्मीद है कि इससे उसे बिजनेस फीस और टैक्स के जरिए होने वाली कमाई बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ये AICs खुद ही अनुबंधों पर हस्ताक्षर कर पाएंगी और कानूनी मामलों को भी संभाल सकेंगी। इन पर केवल एक ही शर्त होगी कि ये बैंकिंग से जुड़ा काम नहीं कर पाएंगी।