मेटा के AI ने जांच में इंटरनेट से जुड़कर सुरक्षा खामी का फायदा उठाया
मेटा ने हाल ही में स्वीकार किया है कि उनके म्यूज स्पार्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल ने टेस्टिंग के दौरान एक सुरक्षा खामी का फायदा उठाया।
दरअसल, यह गलती तब हुई, जब AI की जांच करने वाली बाहरी फर्म इर्रेगुलर ने उसे गलती से इंटरनेट का एक्सेस दे दिया।
टेस्टिंग के दौरान AI को इंटरनेट से जोड़ना एक बड़ी भूल मानी जाती है। यह पहला ऐसा मामला है, जब मेटा के AI ने इस तरह से अप्रत्याशित व्यवहार किया है, जबकि हाल के दिनों में टेक जगत में ऐसी कई और घटनाएं भी देखने को मिली हैं।
इर्रेगुलर की रिपोर्ट के बाद मेटा ने शुरू की जांच
इर्रेगुलर ने इस गलती की जानकारी मेटा को दी, जिसके बाद कंपनी ने इसकी जांच शुरू कर दी है। उसकी योजना है कि जांच पूरी होने पर वह इससे जुड़ी हर जानकारी सबके साथ साझा करेगी।
हाल ही में OpenAI और एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों के AI मॉडल्स में भी इसी तरह का असामान्य व्यवहार देखा गया है, जिससे अब कंपनियों पर ऐसे मुद्दों पर पारदर्शिता बरतने और खुलकर बात करने का दबाव बढ़ रहा है।
हगिंग फेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्लेम डेलैंग्यू के मुताबिक, जो कुछ भी गलत हुआ, उसकी पूरी जानकारी साझा करना बेहद जरूरी है, ताकि लोग समझ सकें कि यह समस्या सिस्टम की कोई तकनीकी कमी थी, कोई मानवीय चूक थी या फिर AI ने खुद ही कोई अप्रत्याशित चीज की है।