MBDA ने पेश किया क्रूज मिसाइल की प्लानिंग बनाने वाला AI टूल
यूरोपीय मिसाइल बनाने वाली कंपनी MBDA ने पेरिस में आयोजित यूरोजेटरी डिफेंस शो में फास्टट्रैक नाम का एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल पेश किया है।
यह टूल क्रूज मिसाइल की योजना बनाने में लगने वाले दिनों को मिनटों में समेट देता है।
फास्टट्रैक जमीन की बनावट, मौसम, दुश्मन के रडार कवरेज और उनकी सुरक्षा जैसी जानकारी का तेजी से विश्लेषण करता है और फिर मिसाइल के लिए सबसे सटीक उड़ान मार्ग सुझाता है।
टूल ड्रोन को करता है नियंत्रित
इसकी एक खासियत 'स्टील्थनेस इंडिकेटर' है, जो पहले ही बता देता है कि मिसाइल का रास्ता दुश्मन की नजरों से कितना छिपा रहेगा। हालिया सिमुलेशन में यह 75 से 85 फीसदी तक स्टील्थ रहने का अनुमान लगाने में कामयाब रहा।
फास्टट्रैक तुरंत स्थितियों के हिसाब से बदलाव भी कर सकता है। एक ताजा सिमुलेशन में इसने लगभग 1,000 किलोमीटर दूर से करीब 30 डिस्पोजेबल ड्रोनों का इस्तेमाल करके दुश्मन के एयर डिफेंस को उलझा दिया।
इस रणनीति से मिशन की सक्सेस रेट 50 फीसदी से कम से बढ़कर 80 फीसदी से ज्यादा हो गई, जिससे हमले की योजना पहले से कहीं ज्यादा तेज और प्रभावी बन गई है।