ऐपल के अपडेटेड सिरी के लिए चुकाने पड़ सकते हैं पैसे
ऐपल ने हाल ही में WWDC 2026 में अपनी अपग्रेडेड सिरी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को पेश किया है। इसमें भले ही बुनियादी सुविधाएं मुफ्त ही मिलेंगी, लेकिन इसकी स्मार्ट बातचीत और जवाब खुद से बनाने की क्षमता जैसी सुविधाओं के लिए शायद अलग से पैसे चुकाने पड़ेंगे।
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन के मुताबिक, आईफोन निर्माता इन खास फीचर्स के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल लाने पर विचार कर रहा है। अगर, ऐसा होता है तो सिरी सीधे तौर पर ChatGPT को टक्कर देगी।
आईक्लाउड प्लस यूजर्स को मिलेगी बढ़ी हुई सीमाएं
गुरमन बताते हैं कि नई सिरी और इमेज प्लेग्राउंड जैसे एडवांस AI फीचर्स को चलाने में काफी सर्वर पावर की जरूरत होती है। यही वजह है कि ऐपल शायद एक तय लिमिट लगा दे या फिर पैसे वाले प्लांस के जरिए ज्यादा एक्सेस दे।
फिलहाल, आईक्लाउड प्लस यूजर्स को ज्यादा इस्तेमाल की सीमाएं मिलती हैं, लेकिन इन अगले चरण के फीचर्स के लिए आगे चलकर एक अलग सब्सक्रिप्शन प्लान भी आ सकता है।