GTA 6 खेलने के लिए यह कंपनी अपने सभी कर्मचारियों को देगी एक दिन की छुट्टी
क्या है खबर?
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) को लेकर लोगों में बढ़ते उत्साह के बीच दिग्गज टेक कंपनी लॉजिटेक ने अपने कर्मचारियों के लिए खास व्यवस्था की है। कंपनी ने दुनियाभर में काम करने वाले करीब 7,000 कर्मचारियों को वीडियो गेम खेलने के लिए एक दिन की छुट्टी देने का फैसला किया है। फॉर्च्यून के मुताबिक, इस सुविधा को 'लोगी गेम डे' नाम दिया गया है। इसमें नियमित कर्मचारियों के साथ इंटर्न भी शामिल होंगे।
लाभ
नवंबर, 2027 तक उठा सकेंगे सुविधा का लाभ
लॉजिटेक के कर्मचारी नवंबर, 2027 तक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी दिन इस छुट्टी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कंपनी ने साफ किया है कि यह अवकाश सिर्फ GTA 6 खेलने के लिए नहीं है। कर्मचारी अपनी पसंद का कोई भी वीडियो गेम खेल सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपनी सालाना छुट्टियों में कटौती नहीं करानी होगी।
कंपनी ने यह कदम गेमिंग को कर्मचारियों के जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से उठाया है।
आयोजन
कंपनी के कार्यालय में भी होगा गेमिंग आयोजन
लॉजिटेक की सीईओ हैनेके फैबर 19 नवंबर को होने वाले विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
इस दिन कंपनी अपने कार्यालय को गेम खेलने की जगह में बदल देगी, जहां कर्मचारियों के बीच मुकाबले भी होंगे। फैबर ने इस आयोजन को लेकर उत्साह जताया है।
कंपनी की मुख्य जन अधिकारी एलेन लेयर्ड का कहना है कि काम से कुछ समय का ब्रेक लेने के बाद कर्मचारी नई ऊर्जा और बेहतर ध्यान के साथ वापस लौट सकते हैं।
फायदे
गेम खेलने से मिल सकते हैं ये फायदे
लॉजिटेक ने फैसले के पीछे एक अध्ययन का हवाला दिया है।
9 देशों के 900 वयस्कों और 100 गेमर्स पर किए गए सर्वे में 80 प्रतिशत लोगों ने कहा कि गेम खेलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उधर, GTA 6 की रिलीज को लेकर भी कर्मचारियों में उत्साह है।
फॉर्च्यून के मुताबिक, गेम की रिलीज वाले दिन छुट्टी के आवेदन पिछले वर्षों से 13 प्रतिशत अधिक हैं। सर्वे में 18 प्रतिशत कर्मचारियों ने भी छुट्टी लेने की बात कही है।