चीन की लैंडस्पेस ने ऑर्बिटल लॉन्च के बाद स्टील-बूस्टर रिकवरी में बनाया कीर्तिमान
दुनिया में पहली बार चीन की प्रमुख कमर्शियल रॉकेट कंपनी लैंडस्पेस ने ऑर्बिटल लॉन्च के बाद एक स्टेनलेस-स्टील बूस्टर को रिकवर किया है। यह देश की कम लागत वाले, दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट विकसित करने की कोशिशों में एक बड़ा कदम है।
इस सफल मिशन के साथ जुके-3 देश का पहला ऐसा कमर्शियल रॉकेट बन गया है, जो ऑर्बिट तक पहुंचा और जिसके पहले स्टेज को रिकवर किया गया।
इसके साथ ही, स्पेस-X और ब्लू ओरिजन के बाद लैंडस्पेस दुनिया की तीसरी ऐसी निजी कंपनी बन गई है, जिसने ऑर्बिटल-क्लास बूस्टर को रिकवर किया है।
स्टेनलेस स्टील से बना यह रॉकेट डोंगफेंग कमर्शियल स्पेस इनोवेशन पायलट जोन से लॉन्च हुआ था। यह गान्सु के एक लैंडिंग स्थल पर उतरा, जो लॉन्च पैड से 390 किलोमीटर दूर था।
रॉकेट 20 बार किया जा सकता है इस्तेमाल
जुके-3 रॉकेट की खास बात यह है कि इसे स्टेनलेस स्टील से बनाया गया है। यह मटेरियल सस्ता भी होता है और अधिक गर्मी को भी आसानी से झेल सकता है।
इसके अलावा, रॉकेट मीथेन फ्यूल का इस्तेमाल करता है, जिससे लॉन्च ज्यादा स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल होते हैं। एक बार के सफर में यह रॉकेट 14.2 मीट्रिक टन वजन को लो अर्थ ऑर्बिट तक ले जा सकता है। इसे कम से कम 20 बार इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है।
इस कामयाबी से लैंडस्पेस को शंघाई के स्टार मार्केट में 1.11 अरब डॉलर (करीब 105 अरब रुपये) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए बड़ी मजबूती मिली है। कंपनी 2029 तक मुनाफा कमाने का लक्ष्य रख रही है और दुनिया की बड़ी स्पेस कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रही है।