रविंद्र जडेजा ने रचा इतिहास, सबसे तेज पूरा किया 4,000 रन और 350 विकेट का डबल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ गॉल टेस्ट मैच के तीसरे दिन क्रिकेट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। उन्होंने पारी में अपना दूसरा विकेट लेते ही टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में 4,000 से अधिक रन और 350 से अधिक विकेट का ऐतिहासिक 'डबल' पूरा करने वाले दुनिया के सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं।
रिकॉर्ड
जडेजा ने 90वें मैच में किया कमाल
जडेजा ने अपने 90वें टेस्ट मैच में 4,000 से अधिक रन और 350 विकेट का डबल पूरा किया है।
उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज सर इयान बॉथम को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 102 मैचों में यह कमाल किया था।
इस सूची में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 113 मैचों में यह कारनामा किया था।
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव (131 मैच) सूची में चौथे नंबर पर हैं।
करियर
बेमिसाल रहा है जडेजा का टेस्ट करियर
जडेजा ने 2012 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
उन्होंने 90 टेस्ट की 134 पारियों में लगभग 38 की औसत से 4,108 रन बनाए हैं। इसमें 6 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं।
इसी तरह उन्होंने 168 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 25.07 की औसत और 2.59 की इकॉनमी से 351 विकेट अपने नाम किए हैं।
इसमें 15 बार 5 विकेट हॉल भी शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/42 विकेट का रहा है।