मध्य प्रदेश: हाईवे पर गायों को बचाने के चक्कर में पिकअप-ट्रक की टक्कर, 8 की मौत
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात को एक तेज रफ्तार पिकअप की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) पर गोहद इलाके में हुआ है। घटना के समय पिकअप पर 29 मजदूर सवार थे, जिसमें 23 बुरी तरह घायल हुए हैं। इसमें ट्रक में सवार 2 लोग भी शामिल हैं। दैनिक भास्कर के मुताबिक, हाईवे पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में हादसा हुआ है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया गया कि पिकअप सवार मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी थे। वे ग्वालियर क्षेत्र में धान रोपने आए थे।
सोमवार को सभी लौट रहे थे। घटना के समय पिकअप की रफ्तार 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच थी।
यादव ने बताया कि छीमका गांव के पास हाईवे पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में पिकअप चालक ने गाड़ी मोड़ी, जिससे सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
हादसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुआवजा दिया
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रथम दृष्टया हाईवे पर बैठी गायों को हादसे का कारण और खतरा माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
इससे पहले, 7 अगस्त को इसी हाईवे पर नेपाल से पुणे जा रही बस हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें एक नेपाली महिला की मौत हई थी। अगस्त में यह दूसरा बड़ा हादसा है।