12 साल की मान जांपाला ने बनाया वोक्सा AI रिसेप्शनिस्ट कई देशों में हो रहा इस्तेमाल
ब्रिटिश कोलंबिया के केलोना की रहने वाली 12 साल की मान जांपाला ने अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी 'वोक्सा' शुरू की है।
मान को यह विचार तब आया, जब उसने अपने पिता के ऑफिस में कुछ परेशानियां देखीं। इसी के बाद उसने एक ऐसा AI रिसेप्शनिस्ट बनाया, जो ग्राहकों के फोन दिन-रात उठाता है।
आज कनाडा, भारत और कंबोडिया में कई कंपनियां इसका इस्तेमाल कर रही हैं, ताकि कोई भी कॉल छूटे नहीं और कामकाज सुचारु रूप से चलता रहे।
खुद से कोडिंग सीखकर बनाया असिस्टेंट
मान ने 'स्क्रैच' कैंपों के जरिए टेक्नोलॉजी सीखना शुरू किया और 9 साल की उम्र में खुद ही पायथन सीख ली। 11 साल की होते-होते वह AI से जुड़े उपकरण बनाने लगी थी।
वोक्सा का यह असिस्टेंट ग्राहकों के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर सकता है, रेस्टोरेंट के ऑर्डर ले सकता है, फॉलो-अप मैसेज भेज सकता है और फोन पर हुई बातचीत का पूरा सारांश भी तैयार कर सकता है।
इससे रेस्टोरेंट और दवा दुकानों जैसे व्यवसायों को मिस्ड कॉल या व्यस्त स्टाफ के कारण होने वाले राजस्व के नुकसान से बचने में मदद मिलती है।