ब्लैक होल का कॉस्मिक रीसाइक्लिंग से बढ़ता है आकार, जेम्स वेब का खुलासा
जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST) ने अंतरिक्ष का एक बड़ा और अनोखा राज उजागर किया है। अब पता चला है कि सुपरमैसिव ब्लैक होल्स केवल गैस और धूल को निगलते ही नहीं हैं, बल्कि वे उसे बाहर भी फेकते हैं और बाद में फिर से अपनी ओर खींच लेते हैं।
यह 'कॉस्मिक रीसाइक्लिंग' उन्हें लगातार बढ़ने में मदद करती है और इसके साथ ही अपनी आकाशगंगा में तारों के बनने की रफ्तार भी धीमी कर देती है।
तेजी से विकास के पीछे का खुला राज
यह चक्र हमें समझाता है कि बिग बैंग के बाद ब्लैक होल्स इतनी तेजी से विशालकाय कैसे बन गए? यह एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब पुराने सिद्धांत नहीं दे पाए थे।
JWST ने यह अनोखी प्रक्रिया NGC 4696 नाम की आकाशगंगा में देखी है, जो हमारी पृथ्वी से लगभग 14.50 करोड़ प्रकाश-वर्ष दूर है।
इस आकाशगंगा में गैस के फिलामेंट्स 16 लाख किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा की जबरदस्त रफ्तार से घूमते रहते हैं।
यही फिलामेंट्स घूमकर वापस ब्लैक होल तक पहुंचते हैं और उसे फिर से खिलाते हैं।