Page Loader
व्हाट्सऐप से अपना नंबर रिचार्ज करवा सकते हैं जियो यूजर्स, जानिए तरीका

व्हाट्सऐप से अपना नंबर रिचार्ज करवा सकते हैं जियो यूजर्स, जानिए तरीका

Jun 09, 2021
08:01 pm

क्या है खबर?

रिलायंस जियो अपने यूजर्स के लिए मोबाइल नंबर रिचार्ज करवाना आसान बना रही है और नया विकल्प लेकर आई है। अब यूजर्स व्हाट्सऐप मेसेज भेजकर अपने नंबर पर रिचार्ज करवा सकते हैं। ऐसा करने के लिए यूजर्स को जियो केयर का नंबर (7000770007) अपने डिवाइस में सेव करना होगा और इस नंबर पर व्हाट्सऐप मेसेज भेजना होगा। इसके बाद यूजर्स को रिचार्ज का विकल्प मिल जाएगा और वे पेमेंट के कई तरीकों में से चुन पाएंगे।

फीचर

जियो केयर से मिलेगा सपोर्ट

रिलायंस जियो की ओर से दिए गए नए फीचर के साथ यूजर्स ना सिर्फ अपने नंबर पर रिचार्ज कर पाएंगे, बल्कि उन्हें उनके सवालों का जवाब भी मिलेगा। इसके अलावा अगर यूजर्स जियोफाइबर ब्रॉडबैंड का कनेक्शन लेना चाहें या इसके बारे में पूछताछ करना चाहें तो इसी व्हाट्सऐप नंबर पर मेसेज कर सकते हैं। अब तक यूजर्स केवल मायजियो ऐप और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से रिचार्ज कर सकते थे।

तरीका

ऐसे कर पाएंगे रिचार्ज

सबसे पहले आपको जियो केयर नंबर सेव कर उसपर 'Hi' व्हाट्सऐप मेसेज करना होगा। इसके बाद जियो आपसे पूछेगा कि आप क्या चाहते हैं और कुछ विकल्प दिए जाएंगे। व्हाट्सऐप मेसेज में मिलने वाले विकल्पों में आपको 'जियो सिम रिचार्ज', 'गेट न्यू सिम ऑर पोर्ट-इन(MNP)', 'सपोर्ट फॉर जियो SIM', 'सपोर्ट फॉर जियोफाइबर', 'सपोर्ट फॉर इंटरनेशनल रोमिंग' और 'सपोर्ट फॉर जियोमार्ट' दिखेंगे। यहां रिचार्ज विकल्प चुनने पर आपको कुछ प्रीपेड प्लान्स दिख जाएंगे।

बॉट

आधिकारिक वेबसाइट पर ले जाएगा बॉट

मेसेज में दिखने वाले पॉप्युलर प्लान्स में से किसी को चुनने पर आपको कंपनी की आधिकारिक साइट पर रीडायरेक्ट कर दिया जाएगा। यहां पर यूजर्स को कई पेमेंट ऑप्शंस मिल जाएंगे और वे रिचार्ज कर सकेंगे। अगर आपको जियो नंबर से जुड़ी कोई शिकायत है तो कंप्लेन करने का विकल्प भी व्हाट्सऐप में मिल जाएगा। जियो का बॉट बाय डिफॉल्ट आपसे अंग्रेजी भाषा में चैट करता है, हालांकि आप हिंदी भाषा का विकल्प भी चुन सकते हैं।

जानकारी

ऐसे बदल पाएंगे व्हाट्सऐप बॉट की भाषा

जियो व्हाट्सऐप बॉट की भाषा बदलने के लिए आपको व्हाट्सऐप चैट विंडो में 'सेट लैंग्वेज' लिखकर भेजना होगा और विकल्प मिलेंगे। कंपनी ने कहा है कि जल्द कई भारतीय भाषाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

जियोफोन

अक्टूबर में आ सकता है 5G जियोफोन

रिलायंस लंबे वक्त से 5G कनेक्टिविटी वाला जियोफोन लाने की तैयारी में है और इससे जुड़ी नई रिपोर्ट सामने आई है। यह डिवाइस एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) 2021 में लॉन्च होने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन नई रिपोर्ट में कहा गया है कि जियोफोन 5G अक्टूबर-नवंबर महीने तक लॉन्च हो सकता है। बता दें, रिलायंस की AGM 2021 इस महीने के आखिर में 24 जून को होने वाली है और कंपनी 5G से जुड़ी घोषणाएं कर सकती है।