एनवीडिया CEO ने ओपन-वेट AI पर प्रतिबंध लगाने से साइबर सुरक्षा कमजोर होने की दी चेतावनी
एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग ने अमेरिकी सांसदों से अपील की है कि वे ओपन-वेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर कड़े प्रतिबंध न लगाएं।
यह ऐसी तकनीक होती है, जिसे कोई भी डाउनलोड करके अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकता है।
हुआंग का यह बयान तब आया जब एक चीनी कंपनी मूनशॉट AI ने अपना किमी K3 ओपन-वेट मॉडल लॉन्च किया। इसके बाद इस बात की चिंता बढ़ गई है कि सरकार नए नियम बना सकती है।
हुआंग का कहना है कि इन AI सिस्टम को खुला रखना उद्योग के लिए सुरक्षा और बचाव दोनों के लिहाज से बहुत जरूरी है।
दूसरी कंपनियों ने भी किया समर्थन
हुआंग ने बताया, "अमेरिकी उद्योग को सुरक्षा और बचाव दोनों के लिए ओपन-वेट AI की जरूरत है।"
अब जब चीन किमी K3 जैसे सस्ते और टक्कर देने वाले ओपन-वेट मॉडल ला रहा है तो एनवीडिया के साथ ही माइक्रोसॉफ्ट और पालेंटिर जैसी बड़ी टेक कंपनियां चेतावनी दे रही हैं।
उनका कहना है कि अगर, इन तकनीकों पर पाबंदी लगाई गई तो सारी ताकत कुछ ही हाथों में सिमट जाएगी। ऐसे में साइबर सुरक्षा और भी कमजोर हो सकती है, जबकि इस समय दुनियाभर में तकनीकी प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है।