जापान 2040 तक विभिन्न क्षेत्रों में तैनात करेगा एक करोड़ AI रोबोट्स
जापान ने एक बड़ा और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। सरकार का इरादा है कि 2040 तक देश में एक करोड़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रोबोट्स काम करने लगें।
ये रोबोट्स फूड मैन्युफैक्चरिंग, रेस्टोरेंट और अस्पताल जैसे रोजमर्रा के उद्योगों में सहायता करेंगे।
उद्योग मंत्री रयोसेई अकाजावा ने बताया कि सरकार इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए अगले 5 सालों में 1,000 अरब येन (लगभग 550 अरब रुपये) का निवेश करेगी।
44 कंपनियों को एक साथ लाने की योजना
यह कदम सिर्फ शानदार रोबोट्स तक ही सीमित नहीं है। इसका एक बड़ा मकसद जापान को अमेरिका और चीन की टेक्नोलॉजी पर कम निर्भर बनाना भी है।
इस पहल की अगुवाई नोएत्रा कर रहा है। यह एक ऐसा समूह है, जिसमें सॉफ्टबैंक और सोनी जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। यह ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फाइनेंस और लॉजिस्टिक्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों की 44 कंपनियों को एक साथ लाने की योजना बना रहा है। इसका मुख्य जोर फैक्टरी ऑटोमेशन और सेल्फ ड्राइविंग व्हीकल्स जैसे वास्तविक उपयोगों पर है, ताकि जापान में बढ़ती उम्र की आबादी के कारण हो रही कामगारों की कमी से निपटा जा सके।