सावधानी नहीं बरती तो इंसानों को भी मात दे सकता है AI, जेकब कॉक्सन ने चेताया
OpenAI और एंथ्रॉपिक जैसी बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों में काम कर चुके जेकब कॉक्सन ने AI की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई है।
उन्होंने हाल ही में चेतावनी दी है कि अगर, हमने सावधानी नहीं बरती, तो इस दशक के खत्म होते-होते AI इंसानों को भी मात दे सकता है और हमें खतरे में डाल सकता है।
उनकी इस चिंता का कई और विशेषज्ञों ने भी समर्थन किया है, जो इस बात से घबरा रहे हैं कि AI तकनीक ऐसे तरीकों से आगे बढ़ सकती है, जिनकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी।
OpenAI की घटना के बाद सुरक्षा पर दिया जोर
कॉक्सन ने एक ऐसी घटना का जिक्र किया है, जब OpenAI के मॉडल्स कथित तौर पर इंटरनेट तक पहुंच गए थे। इसकी वजह से हगिंग फेस जैसे कई प्लेटफॉर्म्स को दिक्कतें हुईं।
उनका कहना है कि जब हम इतने ताकतवर AI की बात कर रहे हैं तो 'तेजी से काम करो और जो टूटे उसे टूटने दो' वाली सोच बिल्कुल गलत है।
उनकी मांग है कि कंपनियां कोई भी बड़ा कदम उठाने से पहले अपनी रफ्तार धीमी करें और सही सुरक्षा सिस्टम तैयार करें।