माइक्रोसॉफ्ट के सब्सक्रिप्शन के तरीकों को लेकर इटली में जांच शुरू
इटली के प्रतिस्पर्धा नियामक ने माइक्रोसॉफ्ट पर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, कंपनी ने अपने माइक्रोसॉफ्ट 365 प्लान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोपायलट और डिजाइनर जैसे फीचर्स जोड़े हैं, जिसके बाद उसने कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। नियामक का आरोप है कि ग्राहकों को इन बदलावों या बढ़ी हुई कीमतों के बारे में पहले से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इस वजह से वे दुविधा में हैं कि वे अपना सब्सक्रिप्शन जारी रखें या उसे रद्द कर दें।
UK की भी माइक्रोसॉफ्ट पर पैनी नजर
यह सिर्फ इटली का ही मामला नहीं है। यूनाइटेड किंगडम (UK) भी माइक्रोसॉफ्ट पर पैनी नजर बनाए हुए है। UK के प्रतिस्पर्धा नियामक ने भी अपनी एक अलग जांच शुरू की है।
उन्हें इस बात का संदेह है कि माइक्रोसॉफ्ट अपने सॉफ्टवेयर को दूसरे ब्रांड्स के उत्पादों के साथ इस्तेमाल करना मुश्किल बना रहा है। अगर ऐसा होता है तो ग्राहकों के पास बेहतर या सस्ते विकल्प कम हो सकते हैं।
ये दोनों मामले इस बड़े सवाल को उठाते हैं कि क्या बड़ी टेक कंपनियां अपने ग्राहकों के साथ पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवहार कर रही हैं।