Loading...
ISRO आज लॉन्च करेगा भारत का नया नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03, कब और कैसे देखें लाइव?
भारत आज लॉन्च करेगा नया नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03

ISRO आज लॉन्च करेगा भारत का नया नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03, कब और कैसे देखें लाइव?

Oct 30, 2026
02:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आज (30 अक्टूबर) रात अपना नया नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 लॉन्च करने जा रहा है। इसे GSLV-F18 रॉकेट के जरिए श्रीहरिकोटा से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इस मिशन का मकसद भारत के अपने नेविगेशन सिस्टम NavIC को मजबूत करना है। इसकी मदद से देश में लोकेशन और समय की जानकारी पहले से ज्यादा सही तरीके से मिल सकेगी। लॉन्च का समय रात 11:51 बजे तय किया गया है।

मिशन

क्या है GSLV-F18/NVS-03 मिशन?

यह मिशन भारत के दूसरे चरण के नेविगेशन सैटेलाइट कार्यक्रम का हिस्सा है।

इसके तहत 2,232 किलोग्राम वजनी NVS-03 सैटेलाइट को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। 51.7 मीटर लंबा GSLV Mk II रॉकेट इसे जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में पहुंचाएगा। इस सैटेलाइट में भारत में बनी एटॉमिक घड़ी भी लगाई गई है।

इसके अलावा, यह L1 बैंड के सिग्नल को भी सपोर्ट करेगा, जिससे स्मार्टफोन और दूसरे उपकरणों पर NavIC का इस्तेमाल काफी आसान हो सकेगा।

महत्व

भारत के नेविगेशन सिस्टम के लिए क्यों जरूरी है यह मिशन?

भारत के NavIC सिस्टम के कई पुराने सैटेलाइट खराब हो चुके हैं।

जनवरी, 2025 में NVS-02 भी तकनीकी खराबी के कारण अपनी तय कक्षा में नहीं पहुंच पाया था। इसके बाद मार्च, 2026 में एक अन्य सैटेलाइट की आखिरी एटॉमिक घड़ी ने भी काम करना बंद कर दिया।

ऐसे में NVS-03 के जरिए सिस्टम को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। इससे भारत की विदेशी नेविगेशन सेवाओं पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENT

प्रसारण

कब और कहां देख सकेंगे लॉन्च का सीधा प्रसारण?

ISRO के मुताबिक, GSLV-F18 रॉकेट 30 अक्टूबर को रात 11:51 बजे उड़ान भरेगा।

इसका लॉन्च आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से होगा। जो लोग इस लॉन्च को देखना चाहते हैं, वे ISRO की आधिकारिक वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर इसका सीधा प्रसारण देख सकते हैं।

इसके साथ ही, सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यमों से मिशन से जुड़ी जानकारी और लॉन्च के ताजा अपडेट भी उपलब्ध रहेंगे।

ADVERTISEMENT