ISRO ने NVS-03 की सफलता के बाद की 5 और मिशन की घोषणा
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने हाल ही में GSLV-F18 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण किया है। इस लॉन्च के साथ NVS-03 सैटेलाइट को सफलतापूर्वक उसकी कक्षा में स्थापित कर दिया गया, जिससे भारत के नेविगेशन सिस्टम को एक महत्वपूर्ण अपडेट मिला है।
इस कामयाबी के बाद ISRO ने मौजूदा वित्त वर्ष खत्म होने से पहले कम से कम 5 और लॉन्च करने का ऐलान किया है। इनमें भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम गगनयान की पहली बिना क्रू वाली परीक्षण उड़ान भी शामिल है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।
गगनयान-1 के 8,000 से ज्यादा परीक्षण पूरे
आने वाले समय में एजेंसी PSLV और SSLV रॉकेट्स से 2-2 प्रक्षेपण करेगी। इसके अलावा, एक लॉन्च किसी निजी कंपनी की तरफ से भी होगा।
सभी की निगाहें खास तौर पर गगनयान-1 पर टिकी हुई हैं क्योंकि यह भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने की दिशा में भारत का पहला बड़ा कदम होगा।
ISRO का कहना है कि वे सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट की तैयारियों के लिए अब तक 8,000 से ज्यादा परीक्षण पूरे किए जा चुके हैं।