भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने भारतीय कंपनियों से 'मिशन अंतरिक्ष' नाम की एक खास सुविधा बनाने के लिए हाथ मिलाने को कहा है।
यह धरती पर ही बनी एक सिमुलेशन फैसिलिटी होगी, जहां अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में जाने से पहले ट्रेनिंग लेंगे, मिशन की तैयारी करेंगे और अलग-अलग सिस्टम्स को जांचेंगे।
यह प्रोजेक्ट भारत की उन बड़ी योजनाओं का हिस्सा है, जिनमें 2035 तक अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाना और 2040 तक चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों को भेजना शामिल है।
भारतीय उद्योग करेगा मिशन अंतरिक्ष का संचालन
इस सुविधा में गगनयान अंतरिक्ष यान और आने वाले स्पेस स्टेशन के मॉक-अप (मॉडल), एक मिशन कंट्रोल सेंटर और न्यूट्रल ब्वॉयेंसी सिमुलेटर जैसी आधुनिक तकनीकें होंगी। यह पानी के अंदर अंतरिक्ष यात्रियों को ट्रेनिंग देने की तकनीक है।
भारतीय उद्योग को इसके डिजाइन से लेकर अगले 2 साल तक इसके संचालन तक की पूरी जिम्मेदारी निभानी होगी।
यह सुविधा 6 एनालॉग मिशन कैंपेन को भी सपोर्ट करेगी। इससे ISRO को अंतरिक्ष में बड़ी खोजों और अभियानों के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी। इच्छुक कंपनियां अपने प्रस्ताव जमा कर सकती हैं।