ISRO और ESA अब मानव और रोबोटिक मिशनों पर मिलकर करेंगे काम
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) अपनी साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं।
अब दोनों मानव और रोबोटिक मिशनों के अलावा अंतरिक्ष मौसम पर भी मिलकर काम करेंगी।
इस साझेदारी के नए दौर की शुरुआत पेरिस में हुए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष शिखर सम्मेलन में एक समझौते पर हस्ताक्षर के साथ हुई। यह समझौता सैटेलाइट तकनीक और अंतरिक्ष विज्ञान में दोनों के कई सालों के सहयोग का ही नतीजा है।
चंद्रमा और शुक्र मिशनों में सहयोग का प्रस्ताव
ESA ने ISRO की मानव अंतरिक्ष उड़ान योजनाओं में सहयोग करने की इच्छा जताई है। इसके साथ ही, वह भविष्य के चंद्रमा और शुक्र मिशनों के लिए भी मिलकर काम करना चाहता है।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने इस समझौते को बडे लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
दूसरी तरफ, भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के अध्यक्ष वी नारायणन का मानना है कि संसाधनों को एक-दूसरे के साथ साझा करने से दोनों ही संगठन वैज्ञानिक शोध के नए आयामों तक पहुंच सकेंगे।
दोनों ने पहले भी पृथ्वी के अवलोकन, सैटेलाइट नेविगेशन, अंतरिक्ष विज्ञान और मिशन संचालन में एक-दूसरे का साथ दिया है।