इंस्टाग्राम पर मिलेगी क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट से हटने की सुविधा, जानिए क्या होगा फायदा
क्या है खबर?
मेटा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर को अधिक कंट्रोल देगा। इसकी मदद से वे खुद को किसी की क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट से हटा सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह फीचर अभी शुरुआती चरण में है और इसका सार्वजनिक परीक्षण अभी नहीं किया जा रहा है। क्लोज फ्रेंड्स फीचर की मदद से स्टोरीज, रील्स और पोस्ट को सभी फॉलोअर्स के बजाय चुनिंदा लोगों के साथ शेयर कर सकते हैं।
अलर्ट
यूजर्स को मिलेगा यह अलर्ट
इस फीचर में एक कमी खल रही थी कि कोई आपको अपनी लिस्ट में जोड़ ले तो आप खुद वहां से हटा नहीं सकते थे। रिवर्स इंजीनियर अलेक्सांद्रो पलुजी के अनुसार, अब किसी की क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट को अपने आप छोड़ने का विकल्प मिलने जा रहा है। साथ ही चेतावनी देगा कि लिस्ट से बाहर निकलने के बाद वह उस लिस्ट के कंटेंट तब तक नहीं देख पाएंगे, जब तक वह व्यक्ति दोबारा सूची में आपको वापस नहीं जोड़ लेता।
फायदा
इस फीचर से मिलेगा यह फायदा
जानकारों का मानना है कि भले ही लिस्ट छोड़ने पर कुछ लोगों को बुरा लग सकता है, लेकिन यह उन यूजर्स के लिए एक बड़ी राहत होगी, जो अपनी मर्जी के बिना किसी की निजी लिस्ट का हिस्सा बनकर अनावश्यक कंटेंट नहीं देखना चाहते। इंस्टाग्राम का प्रतिद्वंद्वी स्नैपचैट पहले से ही अपने यूजर्स को किसी की प्राइवेट स्टोरी से खुद को हटाने की सुविधा देता है। इसके साथ ही मेटा कुछ नई सब्सक्रिप्शन सेवाओं पर भी काम कर रहा है।