LOADING...
इंस्टाग्राम हुआ डाउन, हजारों यूजर्स को ऐप उपयोग करने में आ रही समस्या
इंस्टाग्राम हुआ डाउन

इंस्टाग्राम हुआ डाउन, हजारों यूजर्स को ऐप उपयोग करने में आ रही समस्या

Mar 11, 2026
09:51 am

क्या है खबर?

लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम डाउन होने के कारण भारत समेत दुनिया में हजारों यूजर्स को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, प्लेटफॉर्म से जुड़ी 10,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। भारत के समय अनुसार सुबह लगभग 08:59 बजे दिक्कतें सबसे ज्यादा बढ़ीं। रिपोर्ट के मुताबिक, बड़ी संख्या में यूजर्स ऐप को ठीक से खोल नहीं पा रहे हैं और कई जगह सर्विस अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है।

समस्याएं

ऐप और सर्वर से जुड़ी समस्याएं सामने आईं

डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, करीब 71 प्रतिशत शिकायतें इंस्टाग्राम ऐप एक्सेस करने से जुड़ी हैं। वहीं 19 प्रतिशत यूजर्स ने सर्वर कनेक्शन से जुड़ी समस्या की जानकारी दी। कुछ यूजर्स ने बताया कि वे अपनी फीड या टाइमलाइन भी नहीं देख पा रहे हैं। अमेरिका में इस समस्या की शिकायतें सबसे ज्यादा दर्ज की गईं, जबकि भारत में भी कई यूजर्स ने प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने में परेशानी की बात कही है।

प्रभाव

डायरेक्ट मैसेज और फीचर भी हुए प्रभावित

कई यूजर्स ने शिकायत की कि वह इंस्टाग्राम के DM फीचर को इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। कुछ लोगों ने बताया कि मैसेज पेज खुलने पर खाली स्क्रीन दिखाई दे रही है। वहीं सर्च और दूसरे फीचर भी सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह समस्या सर्वर से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, मेटा की ओर से अब तक इस आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Advertisement

प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया

इंस्टाग्राम की इस समस्या को लेकर इंटरनेट पर यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि उनके पुराने मैसेज अचानक गायब हो गए या दिखाई नहीं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि वे दोस्तों को मैसेज भेज तो पा रहे हैं, लेकिन चैट की थीम या सेटिंग बदल गई है। वहीं कई यूजर्स ने मजाकिया पोस्ट भी किए और कहा कि इंस्टाग्राम के बिना उनका दिन अधूरा लग रहा है।

Advertisement