FSSAI की AI की मदद से खराब उत्पादों को पकड़ने की तैयारी
भारत की सबसे बड़ी खाद्य सुरक्षा संस्था भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI), ई-कॉमर्स फूड प्लेटफॉर्म पर नियमों के उल्लंघन को पहचानने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की टेस्टिंग कर रही है। यह नई तकनीक अपने आप गड़बड़ियों की पहचान करेगी और तुरंत अधिकारियों को सूचित करेगी, जिससे ग्राहकों तक असुरक्षित उत्पाद पहुंचना मुश्किल हो जाएगा।
FSSAI के प्रमुख रजित पुनानी ने बताया कि किसी भी उत्पाद पर जो जानकारी उसके असली लेबल पर लिखी होती है, वही जानकारी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी वेबसाइट पर बेचे जाने वाले उत्पादों की पूरी जिम्मेदारी ई-कॉमर्स कंपनियों की ही होगी।
साल में 2 बार करनी होगी उत्पादों की टेस्टिंग
FSSAI अब डार्क स्टोर और क्लाउड किचन पर भी सख्त कार्रवाई कर रहा है। उनके लाइसेंस और साफ-सफाई की अब ज्यादा कड़ाई से जांच की जा रही है।
डेयरी और मांस जैसे ज्यादा जोखिम वाले खाद्य पदार्थों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। उन कारोबारियों पर तो और भी सख्त नजर है, जिन्होंने पहले भी नियमों की अनदेखी की है।
अब उत्पाद बनाने वाली कंपनियों को साल में 2 बार अपने उत्पादों की टेस्टिंग करनी होगी और इसके नतीजे FSSAI को बताने होंगे।
फूड डिलीवरी का बाजार भले ही कितना भी तेजी से बढ़ रहा हो ग्राहकों तक पहुंचने वाले ऑनलाइन ऑर्डर सुरक्षित रहें, यह सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।