सरकार ने यूजरनेम फीचर पर मेटा को जवाब देने के लिए बढ़ाई समय सीमा
व्हाट्सऐप के नए यूजरनेम फीचर पर भारत में फिलहाल रोक लगा दी गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने गोपनीयता और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का हवाला देते हुए फीचर को लेकर उठ रही चिंताओं पर मेटा को जवाब देने की समय सीमा को 9 जुलाई तक बढ़ा दिया है।
उसे यह समझाना होगा कि यह फीचर कैसे काम करता है और इससे यूजर्स को क्या-क्या जोखिम हो सकते हैं? यह फीचर आपको बिना फोन नंबर शेयर किए बातचीत करने की सुविधा देता है।
प्राइवेसी और गलत पहचान का जोखिम
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने मेटा को यह फीचर अभी लॉन्च करने की अनुमति नहीं दी है क्योंकि वह सुनिश्चित करना चाहता है कि यह पूरी तरह सुरक्षित हो।
हालांकि, यूजरनेम का विचार सुनने में काफी आकर्षक लगता है, लेकिन अधिकारियों को प्राइवेसी की चिंता सता रही है।
उन्हें यह भी डर है कि कहीं कोई व्यक्ति किसी और की गलत पहचान बनाकर दूसरों को ठग न ले। जब तक यह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि आम यूजर्स को कोई खतरा नहीं है, तब तक यह फीचर लागू नहीं होगा।