इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का कल होगा आगाज, इन दिग्गज कंपनियों के CEO लेंगे भाग
क्या है खबर?
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आगाज सोमवार (16 फरवरी) से नई दिल्ली में होने जा रहा है। 20 फरवरी तक चलने वाले 5 दिवसीय इस आयोजन में 2 लाख से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। यह अंतरराष्ट्रीय AI समिट श्रृंखला का चौथा वैश्विक AI शिखर सम्मेलन होगा। मुख्य कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जबकि सुषमा स्वराज भवन और अंबेडकर सेंटर में समिट से संबंधित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
CEO
इनका आना हुआ तय
इस आयोजन में भाग लेने के लिए कई दिग्गज टेक कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। इनमें अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचई, OpenAI के सैम ऑल्टमैन, गूगल डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस, एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई और मिस्ट्रल AI के आर्थर मेंश शामिल हैं। एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग ने अपनी यात्रा रद्द कर दी है। प्रमुख AI शोधकर्ताओं में यान लेकुन, योशुआ बेंगियो और स्टुअर्ट रसेल के शामिल होने की उम्मीद है।
भारतीय उद्यम
ये भारतीय उद्यमी करेंगे शिरकत
भारतीय उद्योग जगत से दिग्गज मुकेश अंबानी, नटराजन चंद्रशेखरन, नंदन नीलेकानी, सुनील भारती मित्तल, के कृतिवासन, सलिल पारेख और रोशनी नादर मल्होत्रा की उपस्थिति भी पक्की हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को शिखर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुखों के साथ CEO की उच्च स्तरीय गोलमेज बैठक होगी। आयोजकों ने समिट को एक समावेशी और प्रभावशाली AI भविष्य को आकार देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण वैश्विक मंच बताया है।