AI करेगा बोरिंग काम, इंसान देंगे रचनात्मकता पर ध्यान- एनवीडिया CEO
एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नौकरियां खत्म नहीं कर रहा, बल्कि नए अवसर पैदा कर रहा है।
कंपनी ने एक साक्षात्कार जारी किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि एनवीडिया के इंजीनियर अब रोजमर्रा के कोडिंग के बजाय ऐसे क्रिएटिव AI सिस्टम बनाने में लगे हैं, जो हमारे उबाऊ कामों को आसानी से निपटा देते हैं।
हुआंग ने कहा, "हम सारा बोरिंग काम AI एजेंट को सौंपने की कोशिश करते हैं। इसके लिए कल्पना और रचनात्मकता की जरूरत होती है।"
AI इंजीनियरिंग को बना रहा रोचक
हुआंग मानते हैं कि AI इंजीनियरिंग को और ज्यादा रोचक बना रहा है और लोगों की जगह लेने के बजाय नए मौके दे रहा है।
उन्होंने समझाया कि ऐसे स्मार्ट एजेंट बनाने का मतलब है बड़ी समस्याओं को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटना। इस तरह, उन इंजीनियर्स के लिए ढेर सारा काम है, जो यह तय करना चाहते हैं कि दुनिया में AI का इस्तेमाल कैसे किया जाए। जहां कुछ तकनीकी प्रमुख नौकरियों के जाने की चिंता में हैं, वहीं हुआंग एक ऐसा भविष्य देखते हैं, जहां तकनीकी कौशल और रचनात्मकता का महत्व पहले से कहीं ज्यादा होगा।