IIT मद्रास ने AI और साइबर सुरक्षा के लिए शुरू किया फ्री कोर्स
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन ने एक बड़ी घोषणा की है। इसके तहत अब पूरे भारत के छात्रों और शिक्षकों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा के मुफ्त ऑनलाइन कोर्सेज उपलब्ध हैं।
इस प्रोग्राम का मकसद है कि देशभर के छात्र और शिक्षक आज के समय के जरूरी तकनीकी हुनर मुफ्त में सीख सकें।
इन कोर्सेज को मधुबन एजुकेशनल बुक्स और बोधब्रिज एजुकेशन के साथ मिलकर तैयार किया गया है।
कोर्सेज में लाइव सेशंस भी शामिल
इन कोर्सेज में उद्योग के बड़े विशेषज्ञों के साथ लाइव सेशंस आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, समझने में आसान अध्ययन सामग्री, केस स्टडी और रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर भी उपलब्ध होंगे।
छात्रों के लिए साइबर सुरक्षा के बुनियादी सिद्धांत, AI के बुनियादी सिद्धांत और डिजाइन थिंकिंग जैसे कोर्सेज रखे गए हैं, वहीं शिक्षकों के लिए क्लासरूम मैनेजमेंट और लीडरशिप डेवलपमेंट जैसे विकल्प मौजूद हैं।
जो छात्र सीधे अनुभव के साथ सीखना चाहते हैं, उनके लिए IIT मद्रास कैंपस या रिसर्च पार्क में ऑफलाइन क्लासेज भी रखी गई हैं।
इन मुफ्त कोर्सेज में शामिल होने के लिए इच्छुक छात्र और शिक्षक IIT मद्रास प्रवर्तक की वेबसाइट पर 'फ्यूचर रेडी कोर्सेज' सेक्शन में जाकर आवेदन कर सकते हैं।