IIT खड़गपुर ने टेक्सास में खोला AI लर्निंग सेंटर, भारत-अमेरिका तकनीकी सहयोग बढ़ेगा
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर ने हाल ही में ह्यूस्टन में टेक्सास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लर्निंग सेंटर शुरू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य AI शिक्षा को आगे बढ़ाना और भारत-अमेरिका के तकनीकी विशेषज्ञों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करना है। इस सेंटर का उद्घाटन एक बेहद खास मौके पर किया गया है।
टेक्सास सेंटर ने शुरू किया AI बूटकैंप
ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत ने इस पहल को भारत-अमेरिका के तकनीकी संबंधों के लिए एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आगे चलकर एक पूर्ण विदेशी IIT आउटरीच सेंटर के रूप में विकसित हो सकेगा। इस सेंटर ने अपने कामकाज की शुरुआत 2 दिवसीय AI सर्टिफिकेट बूटकैंप के साथ की।
इस बूटकैंप का संचालन टेक्सास A&M यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. देब्यजोती बनर्जी ने किया। इस पहल को अमेरिकी अधिकारियों और उद्योग जगत के बड़े नामों का भी भरपूर समर्थन मिला।
HCL टेक के सह संस्थापक और IIT के पूर्व छात्र अर्जुन मल्होत्रा जैसे लोगों ने इस सेंटर की काफी सराहना की। उनका मानना है कि यह आगे चलकर एक बड़े पैन-IIT प्लेटफॉर्म का रूप ले सकता है, जहां पूर्व छात्र और दुनियाभर के हितधारक एक साथ जुड़ सकेंगे।