IIT बॉम्बे ने CEED 2027 परीक्षा के लिए मांगे आवेदन, जानिए पूरा कार्यक्रम
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे ने मास्टर ऑफ डिजाइन और PhD कोर्सेज में दाखिले के लिए होने वाली डिजाइन के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEED) 2027 के आवेदन शुरू कर दिए हैं।
उम्मीदवार 1 से 31 अक्टूबर तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। अगर, आप इस तारीख तक आवेदन नहीं कर पाते तो घबराने की बात नहीं है। आप 6 नवंबर तक लेट फीस के साथ भी फॉर्म भर पाएंगे।
अगले साल जनवरी में होगी परीक्षा
CEED परीक्षा 17 जनवरी, 2027 को आयोजित की जाएगी। इसके प्रवेश पत्र 1 जनवरी, 2027 को जारी होंगे। इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों की ड्राइंग, रचनात्मकता, तर्कसम्मत सोच (लॉजिकल थिंकिंग) और समस्या समाधान करने की कुशलताओं को परखा जाएगा। परीक्षा के नतीजे 3 मार्च, 2027 को घोषित किए जाएंगे और स्कोरकार्ड 10 मार्च से उपलब्ध होंगे। अगर, आपको डिजाइन में गहरी रुचि है और आप अपनी रचनात्मकता को दुनिया के सामने लाना चाहते हैं तो यह आपके लिए एक शानदार अवसर हो सकता है। CEED के स्कोरकार्ड एक साल तक मान्य रहेंगे।