IIIT दिल्ली के छात्रों ने ICPC 2026 के फाइनल में चौथी बार बनाई जगह
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) दिल्ली के लिए एक अच्छी खबर आई है। संस्थान की 'वीक टेस्टकेस' टीम ने ICPC 2026 वर्ल्ड फाइनल्स में अपनी जगह पक्की कर ली है।
यह प्रतिष्ठित मुकाबला इस साल नवंबर में दुबई में होगा। IIIT-दिल्ली ने एक्स पर छात्रों को बधाई देते हुए उनकी इस उपलब्धि का जश्न मनाया। यह प्रतियोगिता दुनिया के सबसे मुश्किल और सम्मानित कोडिंग मुकाबलों में से एक मानी जाती है।
कोडिंग का ओलंपिक है ICPC
इस टीम में 3 बीटेक के छात्र- अभिषेक (CSE), जतिन अग्रवाल (CSAI) और पीयूष केसण (CSAI) शामिल हैं। ये सभी 2027 बैच के विद्यार्थी हैं।
यह चौथा मौका है, जब IIIT-दिल्ली ICPC में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। इस प्रतियोगिता को अक्सर कोडिंग का 'ओलंपिक' कहा जाता है।
यह एक ऐसा अंतरराष्ट्रीय मंच है, जहां दुनियाभर के युवा प्रोग्रामर दबाव में अपनी प्रतिभा दिखाते हैं। तकनीक और समस्या सुलझाने के शौकीनों के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।