ICICI बैंक ने LPG KYC धोखाधड़ी को लेकर दी चेतावनी
ICICI बैंक ने LPG इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को एक नए घोटाले को लेकर सावधान किया है। धोखेबाज लोगों को फर्जी मैसेज भेज रहे हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि अगर, उन्होंने अपना KYC अपडेट नहीं किया तो 24 घंटे में उनका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा।
ये मैसेज देखने में एकदम असली लगते हैं और अक्सर इनमें कुछ संदिग्ध लिंक या ऐप होते हैं, जिनकी मदद से जालसाज लोगों को डराकर उन पर क्लिक करवाना चाहते हैं।
लिंक पर क्लिक न करने की सलाह
ये धोखेबाज खुद को गैस एजेंसी, तेल कंपनी या सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करते हैं। अगर, आपको ऐसा कोई मैसेज मिलता है तो कभी भी किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई अनजान ऐप डाउनलोड करें।
हमेशा सही जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ग्राहक सेवा नंबर पर संपर्क करें। किसी भी कीमत पर अपना OTP, पिन या बैंक से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
अगर, आपको जरा भी शक होता है या आपको लगता है कि आप ठगी का शिकार हुए हैं तो cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें, 1930 पर कॉल करें या मदद के लिए ICICI की हेल्पलाइन 1800 2662 पर संपर्क करें।