IBM और योटा ने पेश किया AI प्लेटफॉर्म, भारत में ही रहेगा डाटा
IBM और योटा ने भारतीय कंपनियों के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म का मकसद यह है कि कंपनियां अब डॉक्यूमेंट प्रोसेसिंग जैसे अपने AI टूल्स खुद बना और चला सकें और सबसे खास बात यह कि इसमें डाटा, AI इंफ्रेंस और गवर्नेंस कंट्रोल भारत की सीमाओं के भीतर ही रहेंगे।
इस प्लेटफॉर्म में IBM का वॉटसनएक्स ऑर्केस्ट्रेट (AI को मैनेज करने के लिए) और योटा का शक्ति क्लाउड और शक्ति स्टूडियो (तकनीकी ताकत के लिए) एक साथ मिलते हैं।
बड़े प्रयोगों को बनाता है आसान
यह व्यवस्था कंपनियों के लिए AI के छोटे प्रयोगों से बड़े पैमाने पर इसके इस्तेमाल तक का सफर आसान बनाती है। यह चाहे सुरक्षा, मानव संसाधन (HR) या कागजी काम के क्षेत्र में हो।
IBM इंडिया और साउथ एशिया के प्रबंध निदेशक संदीप पटेल ने कहा कि संगठन जब AI को शुरुआती प्रोजेक्ट से बड़े स्तर पर ले जाना चाहते हैं, तब डिजिटल संप्रभुता और ओपन-सोर्स मॉडल उनकी एक अहम जरूरत बन जाते हैं।
योटा के सह संस्थापक, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुनील गुप्ता ने बताया कि यह सेवा योटा के पनवेल और ग्रेटर नोएडा स्थित क्लाउड क्षेत्रों के माध्यम से उपलब्ध है। इससे डाटा, AI इंफ्रेंस और गवर्नेंस कंट्रोल स्थानीय बने रहते हैं और उद्यमों के लिए सुविधाजनक और सुरक्षित रहते हैं।