ऐपल जेमिनी AI के जरिए सिरी को कैसे बनाएगी स्मार्ट?
क्या है खबर?
टेक कंपनी ऐपल ने अपने वॉइस असिस्टेंट सिरी को बेहतर बनाने के लिए गूगल के जेमिनी मॉडल का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार, इस साझेदारी के तहत ऐपल को अपने डाटा सेंटर में जेमिनी का पूरा एक्सेस मिलेगा। इससे कंपनी अपने डिवाइस के लिए छोटे और खास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल बना सकेगी, जो सीधे आईफोन और दूसरे उपकरणों पर काम करेंगे और यूजर्स को बेहतर अनुभव देंगे।
तैयारी
छोटे AI मॉडल बनाने की तैयारी
रिपोर्ट में बताया गया है कि ऐपल जेमिनी मॉडल को छोटे रूप में बदल सकता है, जिसे डिस्टिलेशन कहा जाता है। इस तकनीक से बड़ा मॉडल अपनी जानकारी छोटे मॉडल को सिखाता है। इससे ऐपल ऐसे हल्के मॉडल बना पाएगा, जो कम कंप्यूटिंग पावर में काम करेंगे। ये मॉडल सीधे डिवाइस पर चलेंगे, जिससे गति बढ़ेगी और डाटा सुरक्षा भी बेहतर होगी, क्योंकि ज्यादा जानकारी स्थानीय उपकरण पर ही प्रोसेस होगी।
उपयोगी
नया सिरी होगा ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी
ऐपल इस साल जून में होने वाले WWDC 2026 इवेंट में सिरी का नया वर्जन लॉन्च कर सकता है। यह नया सिरी यूजर्स की पिछली बातचीत को याद रखेगा और उसी हिसाब से जवाब देगा। इसके साथ ही, यह पहले से सुझाव भी दे सकेगा, जैसे ट्रैफिक से बचने के लिए समय पर निकलने की सलाह। इससे सिरी सिर्फ सवालों का जवाब देने वाला टूल नहीं रहेगा, बल्कि एक समझदार सहायक की तरह काम करेगा।
फीचर्स
चैटबॉट जैसा नया ऐप और फीचर्स
ऐपल सिरी के लिए एक नया ऐप भी ला सकता है, जो चैटबॉट की तरह काम करेगा। इसमें यूजर अपनी पुरानी बातचीत देख सकेंगे, उन्हें सेव या पिन कर सकेंगे और नई बातचीत शुरू कर सकेंगे। यह ऐप तस्वीर और दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा भी देगा। इसके अलावा, सिरी को पूरे सिस्टम में जोड़ा जाएगा, जिससे वह मैसेज, नोट्स और ऐप्स के साथ मिलकर बेहतर तरीके से काम कर सकेगा।