ऐपल ने WWDC 2026 की तारीखों का किया ऐलान, हो सकती हैं ये घोषणाएं
क्या है खबर?
टेक दिग्गज ऐपल ने अपने सालाना वर्ल्डवाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस (WWDC) 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह इवेंट 8 जून से 12 जून, 2026 तक आयोजित होगा। कंपनी ने बताया कि यह कार्यक्रम ज्यादातर ऑनलाइन होगा, लेकिन पहले दिन ऐपल पार्क में सीमित लोगों के लिए खास आयोजन भी किया जाएगा। इस कॉन्फ्रेंस में ऐपल अपने सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम और नए डेवलपर टूल्स से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कर सकता है।
इवेंट
पांच दिन तक चलेगा इवेंट
WWDC 2026 पांच दिनों तक चलेगा और इसकी शुरुआत 8 जून को कीनोट से होगी। पहले दिन कंपनी अपने नए अपडेट्स और योजनाओं की जानकारी विस्तार से देगी। पूरे हफ्ते में 100 से ज्यादा सेशन आयोजित होंगे, जिनमें दुनिया भर के डेवलपर्स हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा, ग्रुप लैब और वन-ऑन-वन सेशन भी होंगे, जहां डेवलपर्स ऐपल के एक्सपर्ट्स से सीधे बात कर सकेंगे और नई तकनीकों को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे और सीख भी सकेंगे।
घोषणाएं
AI और नए फीचर्स पर रहेगा फोकस
ऐपल ने संकेत दिया है कि इस बार के इवेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नए फीचर्स पर खास ध्यान दिया जाएगा। कंपनी अपने अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स के लिए कई नए अपडेट पेश कर सकती है। डेवलपर्स को ऐसे टूल्स दिए जाएंगे, जिनकी मदद से वे अपने ऐप्स को और बेहतर, तेज और स्मार्ट बना सकेंगे। इन सेशंस में ऐपल इंजीनियर और डिजाइनर भी शामिल होंगे, जो डेवलपर्स की मदद करेंगे और नई तकनीक को आसान तरीके से समझाएंगे।
सुविधा
स्टूडेंट्स और लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा
ऐपल हर बार की तरह इस बार भी स्टूडेंट्स के लिए स्विफ्ट स्टूडेंट चैलेंज आयोजित करेगी। चुने गए स्टूडेंट्स को ऐपल पार्क आने का खास मौका मिलेगा। इवेंट को दुनियाभर में ऑनलाइन देखा जा सकेगा। लोग इसे ऐपल डेवलपर ऐप, कंपनी की वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर लाइव देख पाएंगे। यह इवेंट हर साल डेवलपर्स के लिए नई जानकारी, सीख और मौके देने वाला एक बड़ा मंच बनकर सामने आता है।