अपने धीमे और हैंग होने वाले स्मार्टफोन को ठीक कैसे करें?
क्या है खबर?
कई बार ऐसा होता है कि जरूरी मैसेज भेजते समय या कोई वीडियो देखते हुए स्मार्टफोन अचानक हैंग हो जाता है और काम करना बंद कर देता है। आज के डिजिटल दौर में यह समस्या और ज्यादा परेशान करती है, क्योंकि स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी, काम और मनोरंजन का अहम हिस्सा बन चुका है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान तरीकों से इस समस्या को घर बैठे ही ठीक किया जा सकता है।
#1
ऐप कैश और स्टोरेज साफ करना क्यों जरूरी?
स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाले ऐप्स समय के साथ कैश और फालतू डाटा जमा कर लेते हैं, जिससे फोन की स्पीड कम हो जाती है। इससे मोबाइल स्लो चलने लगता है और बार-बार अटकता है। सेटिंग्स में जाकर स्टोरेज ऑप्शन खोलें और 'क्लियर कैश' चुनें। जिन ऐप्स की अब जरूरत नहीं है, उन्हें हटा दें। पुरानी फोटो, वीडियो और बेकार फाइल्स डिलीट करने से स्टोरेज खाली होता है और मोबाइल की परफॉर्मेंस बेहतर होती है।
#2
फोन अपडेट और रीस्टार्ट का असर
स्मार्टफोन को समय-समय पर सॉफ्टवेयर अपडेट करना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इससे फोन सुरक्षित और तेज बना रहता है। नया अपडेट फोन की परफॉर्मेंस बेहतर करता है और पुराने बग्स को ठीक करता है। इसके अलावा, फोन को हफ्ते में एक-दो बार रीस्टार्ट करने से भी हैंग की समस्या काफी कम हो जाती है। अगर फोन बिल्कुल रिस्पॉन्ड नहीं कर रहा हो, तो पावर बटन को करीब 10 सेकंड तक दबाकर फोर्स रीस्टार्ट किया जा सकता है।
#3
गैर-जरूरी ऐप्स और वायरस से बचाव
कई बार फोन में जरूरत से ज्यादा ऐप्स और बैकग्राउंड में चलने वाले विजेट होने से भी स्मार्टफोन स्लो हो जाता है। ऐसे सभी ऐप्स को अनइंस्टॉल करें जिनका आप रोज इस्तेमाल नहीं करते। होम स्क्रीन पर लगे फालतू विजेट भी हटा दें। इसके साथ ही, किसी भरोसेमंद एंटी-वायरस ऐप से फोन को समय-समय पर स्कैन करें, ताकि मालवेयर या वायरस की वजह से होने वाली दिक्कतों से बचा जा सके और फोन स्मूद चलता रहे।