नागपुर के 17 वर्षीय हितेन ने बनाया दुनिया का सबसे छोटा रोबोटिक आर्म
नागपुर के 17 साल के हितेन धारपुरे ने दुनिया का सबसे छोटा वर्किंग रोबोटिक आर्म बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। यह सिर्फ 39.25mm लंबा है, जो किसी घर की चाबी से भी छोटा है।
यह सिर्फ छोटा नहीं, बल्कि छोटे-छोटे सामानों को पकड़ और उठा भी सकता है। इसने पुराने रिकॉर्ड को 5mm से भी ज्यादा पीछे छोड़ दिया है। यह इतना छोटा है कि इसे जेब में रख सकते हैं, लेकिन इसके काम करने की क्षमता कमाल की है!
माइक्रो सर्जरी में हो सकता है मददगार
हितेन ने इस आर्म को खुद डिजाइन करके 3D प्रिंटिंग तकनीक से बनाया है। इसमें माइक्रो सर्वो मोटर्स और सटीक कंट्रोलर्स लगाए गए हैं, ताकि यह तीनों दिशाओं में आसानी से काम कर सके।
इसका उपयोग माइक्रो सर्जरी या स्वास्थ्य क्षेत्र के अन्य संवेदनशील कामों में भी किया जा सकता है। हितेन की मां के मुताबिक, वह बचपन से ही बहुत जिज्ञासु स्वभाव का था। वह हमेशा चीजों को खोलकर यह जानने की कोशिश करता कि वे कैसे काम करती हैं। आज उनकी यही जिज्ञासा उन्हें दुनिया के रिकॉर्ड तक ले आई है।