GTA 6 इस साल नवंबर में होगा लॉन्च, जानिए अनुमानित कीमत, कंसोल और PC सपोर्ट
क्या है खबर?
रॉकस्टार गेम्स ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI अब 19 नवंबर, 2026 को दुनियाभर में लॉन्च होगा। पहले इस गेम को 2025 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बनने में देरी के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई। कंपनी ने कहा है कि अतिरिक्त समय का उपयोग गेम की ओपन वर्ल्ड दुनिया, कहानी की गहराई और गेमप्ले सिस्टम को और बेहतर तथा ज्यादा वास्तविक बनाने के लिए किया जा रहा है।
कीमत
संभावित कीमत और एडिशन की जानकारी
रॉकस्टार ने अभी तक आधिकारिक कीमत घोषित नहीं की है, लेकिन अनुमान है कि GTA 6 पहले के मुकाबले काफी महंगा हो सकता है। अमेरिका में इसकी कीमत 80 से 100 डॉलर (लगभग 7,000 रुपये से 9,000 रुपये) के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है। भारत में बेस वर्जन की कीमत करीब 6,000 रुपये रहने की उम्मीद है, जबकि डीलक्स या स्पेशल एडिशन की कीमत 7,000 रुपये से अधिक हो सकती है।
लॉन्च
कंसोल पर पहले होगा लॉन्च
GTA 6 को सबसे पहले प्लेस्टेशन 5 और X बॉक्स सीरीज X|S पर लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने अभी PC रिलीज की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि PC वर्जन कंसोल लॉन्च के कई महीनों बाद आ सकता है। पुराने कंसोल जैसे प्लेस्टेशन 4 और X बॉक्स वन पर यह गेम उपलब्ध नहीं होगा, क्योंकि इसकी ग्राफिक्स और परफॉर्मेंस जरूरतें काफी ज्यादा हैं।
सिस्टम
नई कहानी और डुअल कैरेक्टर सिस्टम
यह गेम काल्पनिक राज्य लियोनिडा में सेट होगा, जो मियामी और दक्षिणी फ्लोरिडा से प्रेरित बताया जा रहा है। इसमें दो मुख्य किरदार, लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवल होंगे, जिनके जरिए कहानी आगे बढ़ेगी। गेम में पहले से बेहतर ग्राफिक्स, ज्यादा इंटरैक्टिव किरदार, उन्नत फिजिक्स सिस्टम और ज्यादा जीवंत ओपन वर्ल्ड अनुभव देखने को मिलेगा। लॉन्च से पहले कंपनी कई ट्रेलर और प्री-ऑर्डर की जानकारी भी जारी करेगी।