कैलिफोर्निया में रोबोटैक्सी पर लगाई लगाम, अब इंसानी मदद होगी अनिवार्य
कैलिफोर्निया ने अभी हाल ही में एक ऐसा कानून पास किया है, जिसके मुताबिक रोबोटैक्सी चलाने वाली कंपनियों को इंसानों को मदद के लिए भेजना होगा।
ऐसा तब करना होगा, जब उनकी सेल्फ-ड्राइविंग कारें ट्रैफिक जाम कर दें या इमरजेंसी सेवाओं (एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड) के रास्ते में आ जाएं।
सैन फ्रांसिस्को जैसी व्यस्त सड़कों पर यह समस्या अक्सर देखने को मिलती है। इस सप्ताह राज्यपाल न्यूसोम ने इस कानून पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह नियम जुलाई, 2028 से लागू हो जाएगा। इसके बाकी के नियम और शर्तें कैलिफोर्निया का परिवहन विभाग तय करेगा।
अमेरिकी रिमोट ड्राइवर की होगी जरूरत
इस कानून के लागू होते ही टेस्ला, वेमो और जूक्स जैसी रोबोटैक्सी कंपनियों को अमेरिकी रिमोट ड्राइवर्स को रखना होगा। इन ड्राइवर्स के पास अमेरिकी ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है।
उनका काम किसी भी ऑटोमेटेड व्हीकल (AV) से जुड़ी दुर्घटना या रास्ते में रुकावट आने पर मौके पर जाकर सहायता देना होगा। अगर, कोई रोबोटैक्सी 30 मिनट से ज्यादा समय तक पुलिस या दमकलकर्मियों के रास्ते में रुकावट बनती है तो संबंधित कंपनियों को भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है।
इसके साथ ही सिस्टम में अगर, कोई बड़ी खराबी आती है तो कंपनियों को गाड़ियों की लोकेशन और उनकी स्थिति के बारे में शहरों, कस्बों और अन्य स्थानीय प्रशासनों को जानकारी देनी होगी।