गूगल I/O 2026: सबसे तेज जेमिनी 3.5 फ्लैश AI मॉडल पेश, जानिए क्या है खासियत
क्या है खबर?
गूगल ने मंगलवार (19 मई) से शुरू हुई अपनी डेवलपर कॉन्फ्रेंस गूगल I/O 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल जेमिनी 3.5 फ्लैश काे आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। यह जेमिनी 3.5 सीरीज का पहला मॉडल है। इस मौके पर दिग्गज टेक कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचई ने कहा कि कंपनी एजेंटिक कोडिंग, दीर्घकालिक कार्यों और वास्तविक दुनिया के वर्कफ्लो के इर्द-गिर्द जेमिनी को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
सुधार
गति के मामले में हुआ जबरदस्त सुधार
पिचई का कहना है कि जेमिनी 3.5 फ्लैश अधिकांश बेंचमार्क में जेमिनी 3.1 प्रो से बेहतर प्रदर्शन करता है और कोडिंग क्षमताओं में भी महत्वपूर्ण सुधार लाता है। दूसरा प्रमुख अपग्रेड इसकी स्पीड है। गूगल का कहना है कि जेमिनी 3.5 फ्लैश अन्य अग्रणी AI मॉडल्स के बराबर प्रदर्शन करता है, जबकि यह उनसे कहीं अधिक तेज है। पिचाई के अनुसार, यह प्रतिस्पर्धी प्रणालियों की तुलना में लगभग 4 गुना अधिक गति से आउटपुट उत्पन्न कर सकता है।
उपलब्धता
कहां उपलब्ध होगा जेमिनी 3.5 फ्लैश?
गूगल ने बताया कि जेमिनी 3.5 फ्लैश का उपयोग उसके नए एजेंट-फर्स्ट डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म 'एंटीग्रेविटी' के माध्यम से किया जा चुका है। इस मॉडल ने कंपनी के अंदर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट वर्कफ्लो को गति देने में मदद की है। यह जेमिनी ऐप में और गूगन सर्च के AI मोड के जरिए सभी के लिए उपलब्ध है। गूगल का कहना है कि वह जेमिनी 3.5 प्रो पर भी काम कर रही है और इसे अगले महीने लॉन्च करने की योजना है।