गूगल ने सितंबर के लिए जारी किए एंड्रॉयड अपडेट, जानिए क्या-क्या किया बदलाव
गूगल ने सितंबर के लिए अपने एंड्रॉयड अपडेट्स जारी कर दिए हैं। इन अपडेट्स से फोन, टैबलेट, स्मार्टवॉच और पर्सनल कंप्यूटर (PC) जैसे डिवाइसेज पर भी यूजर्स को बेहतर अनुभव मिलेगा।
कंपनी का मुख्य फोकस अकाउंट मैनेज करने और ऐप्स ब्राउज करने जैसे रोजमर्रा के कामों को सपोर्टेड एंड्रॉयड और गूगल डिवाइसेज पर और भी आसान और बेहतर बनाना है।
अब आसानी से जुड़ पाएंगे डिवाइस
गूगल प्ले सर्विसेज v26.36 अब फोंस में अकाउंट से जुड़ी गड़बड़ियों को दूर करता है। साथ ही इस अपडेट से यूजर्स अपने कंप्यूटर और मोबाइल दोनों पर वॉलेट में कार्ट की कीमतों में होने वाले बदलावों को तुरंत देख पाएंगे। डेवलपर्स के लिए ऐसे नए टूल्स लाए गए हैं, जिनकी मदद से डिवाइस आपस में और आसानी से जुड़ पाएंगे। प्ले स्टोर (v53.2) में एक नया 'कॉन्ट्रिब्यूशन हब' जोड़ा गया है।
यहां से यूजर्स ऐप्स को रेटिंग्स और रिव्यू दे सकते हैं और यह भी देख सकते हैं कि उनके फीडबैक का ऐप की ग्रोथ पर क्या असर पड़ा है?
इसके अलावा, वेब व्यू v154 ऐप्स के अंदर वेब कंटेंट को ज्यादा सुरक्षित और तेजी से चलाएगा। कुछ फीचर्स अभी प्रायोगिक चरण में हो सकते हैं और सभी यूजर्स के लिए तुरंत उपलब्ध नहीं होंगे।