गुरुग्राम हिट एंड रन मामला: आरोपी कल्याण बैंसला गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज
क्या है खबर?
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर मारने वाले कार चालक कल्याण बैंसला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के करीब 48 घंटे बाद ये कार्रवाई हुई है। बताया जा रहा है कि कल्याण को राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया है। आरोपी की तलाश में गुरुग्राम पुलिस की एक टीम राजस्थान पहुंची थी। अब कल्याण को राजस्थान से गुरुग्राम लाया जा रहा है।
मामला
पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाई
पुलिस ने कल्याण के खिलाफ दर्ज FIR में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं को भी जोड़ा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 लगाई है। इसके तहत 10 वर्ष तक के कारावास की सजा का प्रावधान है।
पहले पुलिस ने BNS की धारा 281 (तेज गति से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया था। वीडियो विश्लेषण के बाद धाराएं बढ़ाई गईं।
मामला
क्या है मामला?
13 सितंबर को बाइकर सिया अपने दोस्तों के साथ गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स पर राइड के लिए निकली थी। तभी एक कार ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
जब सिया ने अपनी बाइक आगे बढ़ाई, तो आरोपी ने उनसे कुछ कहा और पीछे से आकर बाइक को टक्कर मार दी।
इसके बाद सिया बाइक से गिर गई और बाइक कई मीटर दूर तक घसीटती हुई चली गई। घटना के बाद कल्याण भाग निकला।