इस साल आ सकता है LTPO OLED डिस्प्ले वाला गूगल पिक्सल फोल्ड, सामने आई नई रिपोर्ट
क्या है खबर?
गूगल की ओर से पहला पिक्सल स्मार्टफोन लॉन्च करने से जुड़े संकेत पिछले कुछ साल से मिल रहे हैं लेकिन यह डिवाइस अब तक सामने नहीं आया है।
नए फोन से जुड़े कुछ डिवेलपमेंट्स पब्लिक हो चुके हैं, जिनके चलते साल 2021 के आखिर तक गूगल पिक्सल फोल्ड लॉन्च होने के संकेत मिले हैं।
नई रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि गूगल अपने इनोवेटिव डिवाइस को साल 2021 की आखिरी तिमाही में मार्केट में उतार सकती है।
लीक्स
ट्वीट में मिले नए डिवाइस से जुड़े संकेत
पिक्सल फोल्ड से जुड़ी जानकारी डिस्प्ले सप्लाई चेन कंसल्टेंट्स के सीनियर डायरेक्टर डेविड नरांजो की ओर से शेयर की गई है।
डेविड ने अपने ट्वीट में उन डिवाइसेज की लिस्ट शेयर की है, जिनमें कंपनियां SDC की ओर से सप्लाई किए जाने वाले LTPO OLED पैनल्स इस्तेमाल कर सकती हैं।
इन डिवाइसेज की लिस्ट में गूगल पिक्सल फोल्ड भी शामिल है, जिसका लॉन्च साल 2021 की आखिरी तिमाही में किया जा सकता है।
डिस्प्ले
मार्केट में बढ़े LTPO OLED डिस्प्ले वाले डिवाइस
डेविड के ट्वीट से संकेत मिले हैं कि आईफोन 13 प्रो और आईफोन 13 प्रो मैक्स लॉन्च होने के बाद LTPO OLED डिस्प्ले टेक्नोलॉजी इस्तेमाल करने वाले डिवाइसेज की संख्या बढ़ी है।
इसके अलावा गूगल पिक्सल फोल्ड में LTPO OLED फोल्डेबल डिस्प्ले मिलने की बात एक बार फिर सामने आई है।
ऐसा पहली बार नहीं है, जब पिक्सल फोल्ड की लॉन्च टाइमलाइन से जुड़े संकेत मिले हैं। इससे पहले गूगल का एक इंटरनल डॉक्यूमेंट भी सामने आया था।
डॉक्यूमेंट
इंटरनल डॉक्यूमेंट में तीन डिवाइसेज का जिक्र
पिछले साल लीक हुए इंटरनल गूगल डॉक्यूमेंट में तीन डिवाइसेज के डिवेलपमेंट स्टेज में होने की बात सामने आई थी।
इन डिवाइसेज के कोडनेम 'रावेन', 'ओरिओल' और 'पासपोर्ट' सामने आए थे।
माना जा रहा था कि इनमें से आखिरी 'पासपोर्ट' कोडनेम वाला डिवाइस गूगल का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन है।
गूगल के मुड़ने वाले डिवाइस का डिजाइन सैमसंग गैलेक्सी Z फोल्ड से मिलता-जुलता हो सकता है और यह किताब की तरह फोल्ड होगा।
सॉफ्टवेयर
फोल्डेबल डिवाइसेज में ऑप्टिमाइज्ड सॉफ्टवेयर
हार्डवेयर डिवेलपमेंट के अलावा गूगल फोल्डेबल डिवाइसेज में बेहतर और ऑप्टिमाइज्ड एंड्रॉयड अनुभव देने पर काम कर रही है।
दूसरी स्मार्टफोन कंपनियों के डिवाइसेज को फोल्डेबल हार्डवेयर के साथ बेहतर अनुभव देने के लिए गूगल सॉफ्टवेयर में सुधार कर रही है इसलिए संभव है कि कंपनी अपना पिक्सल फोल्ड लाकर उसमें स्टॉक अनुभव यूजर्स को दे।
इसी तरह पिक्सल डिवाइसेज में कंपनी स्टॉक एंड्रॉयड के साथ ऑप्टिमाइज्ड परफॉर्मेंस देती रही है।
इंतजार
गूगल ने नहीं दी आधिकारिक जानकारी
एक बात समझना जरूरी है कि गूगल पिक्सल फोल्ड से जुड़े संकेत केवल लीक्स और अफवाहों में ही मिले हैं।
कंपनी ने इस डिवाइस के डिवेलपमेंट से जुड़ी कोई जानकारी आधिकारिक रूप से शेयर नहीं की है।
हालांकि, लगातार सामने आ रहे लीक्स इशारा कर रहे हैं कि यह डिवाइस जल्द मार्केट में लॉन्च किया जा सकता है।
कंपनी 2021 के आखिर या फिर अगले साल यह डिवाइस ला सकती है।