गूगल ने करीब 90 करोड़ रुपये में खरीदा दिवालिया स्पिरिट एयरलाइंस का डाटा
गूगल ने स्पिरिट एयरलाइंस का पुराना डाटा खरीदने के लिए एक करोड़ डॉलर (करीब 90 करोड़ रुपये) खर्च किए हैं। यह डाटा दिवालियापन की नीलामी में बिका है।
गूगल का मकसद अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को और भी ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी बनाना है। कंपनी ने बताया कि इस डेटासेट से उनके उत्पादों और AI मॉडल्स को सुधारने में काफी मदद मिलेगी।
डाटा में क्या-क्या जानकारी शामिल?
इस डाटा में उड़ानों से जुड़ी जानकारी, कंपनी की कमाई, कर्मचारियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट, ऑडिट रिकॉर्ड और लगभग 7 अरब से भी ज्यादा प्रतिस्पर्धी उड़ानों की कीमत शामिल है।
इसके साथ ही, करीब 2 दशकों के दौरान हुए 7.5 अरब यात्री लेन-देन के रिकॉर्ड भी इसमें शामिल हैं। सॉफ्टवेयर कोड, ईमेल और चैट लॉग्स भी इस खरीद का हिस्सा हैं।
गूगल ने भरोसा दिलाया है कि AI ट्रेनिंग के लिए इस डाटा का इस्तेमाल करने से पहले एक तीसरी पार्टी इसमें मौजूद सभी निजी जानकारियों को पूरी तरह से हटाकर साफ करेगी।